नारायणपुर, 01 अक्टूबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन ने बुधवार को नारायणपुर जिले के बेनूर से भाटपाल के बीच निर्माणाधीन एनएच-130डी सड़क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण एवं दुरुस्तीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य कराने तथा आवश्यकतानुसार दुरुस्तीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जैन ने सड़क की स्थिति का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा और सड़क की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण एवं मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुविभागीय अधिकारी श्री जी एस सोरी, उप अभियंता श्री शेषलाल गावडे, ठेकेदार राहुल कुमार वर्मा उपस्थित थे।










