🗺️
India States
राज्य समाचार चुनें
Tap any state on the map
J&K Ladakh H.P. Punjab CH Uttarakhand Haryana DL Uttar Pradesh Rajasthan Bihar SK Arunachal P. Assam NL MN MZ TR Meghalaya W.Bengal Jharkhand Madhya Pradesh Chhattisgarh Odisha Gujarat DD DNH Maharashtra Goa Karnataka Telangana Andhra P. Tamil Nadu Kerala PY LK A&N
Powered by Pulse of the Nation

दो वर्षों से DLC में लंबित 18 ग्राम सभाओं के सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के दावे, शीघ्र निराकरण की उठी मांग जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी के समक्ष ग्राम सभाओं ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी

नारायणपुर। नारायणपुर जिले की 18 ग्राम सभाओं के सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) के दावे पिछले लगभग दो वर्षों से जिला स्तरीय समिति (DLC) में लंबित होने का मामला अब जोर पकड़ने लगा है। लंबे समय से दावों का निराकरण नहीं होने के कारण संबंधित ग्राम सभाओं एवं ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इसी विषय को लेकर विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों एवं सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 के तहत ग्राम सभाओं द्वारा सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के दावे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके बावजूद लगभग दो वर्षों से जिला स्तरीय समिति में प्रकरण लंबित रहना चिंता का विषय है।

ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी समाज पीढ़ियों से जंगलों की रक्षा और संरक्षण करता आ रहा है। जंगलों को आग से बचाना, अवैध कटाई रोकना, वन्यजीवों एवं जैव विविधता का संरक्षण करना तथा जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा करना ग्राम सभाओं की परंपरा और जिम्मेदारी रही है। ऐसे में सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों की मान्यता में हो रही देरी से ग्राम सभाओं के कानूनी अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

18 ग्राम सभाओं की प्रमुख मांगें

ग्राम सभा प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं जिला स्तरीय समिति से मांग की है कि—

1. पिछले लगभग दो वर्षों से DLC में लंबित सभी 18 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के दावों का शीघ्र निराकरण किया जाए।

2. लंबित प्रकरणों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की विशेष बैठक आयोजित की जाए।

3. प्रत्येक ग्राम सभा के दावे की वर्तमान स्थिति एवं लंबित रहने के कारणों की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

4. नियमानुसार पात्र ग्राम सभाओं को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार मान्यता पत्र प्रदान किया जाए।

5. वन अधिकार अधिनियम 2006 एवं संबंधित नियमों के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

6. सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन में ग्राम सभाओं के अधिकारों को सुनिश्चित किया जाए।

जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने प्रशासन से की शीघ्र निराकरण की अपील

इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने कहा कि आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। वन अधिकार अधिनियम 2006 आदिवासी एवं परंपरागत वन निवासियों को उनके कानूनी अधिकार प्रदान करने के लिए बनाया गया है। जब ग्राम सभाओं ने अपनी ओर से दावे प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है, तो लगभग दो वर्षों तक प्रकरण लंबित रहना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर शीघ्र पहल करनी चाहिए। जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर सभी लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाए और नियमानुसार पात्र ग्राम सभाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय का समाधान आपसी संवाद, संवैधानिक प्रक्रिया और प्रशासनिक पहल के माध्यम से होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को अपने अधिकारों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कई ग्राम सभाओं के प्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी, प्रमोद पोटाई सहित सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इनमें ग्राम झारा से सीताराम सलाम, मढ़ोनार से दशाराम कोर्राम, ब्रेहबेड़ा से मनीराम दर्रो तथा कोंदाहूर, बड़गांव, कोकपाड़ एवं राजपुर सहित अन्य ग्राम सभाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

सभी प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया कि 18 ग्राम सभाओं के लंबित सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के दावों का निराकरण कराने के लिए एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी जाएगी।

समयबद्ध निराकरण नहीं हुआ तो संवैधानिक तरीके से होगा आंदोलन

ग्राम सभा प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करेंगे। यदि जिला प्रशासन एवं जिला स्तरीय समिति द्वारा लंबित 18 दावों के निराकरण के लिए शीघ्र ठोस पहल नहीं की जाती और समयबद्ध निर्णय नहीं लिया जाता, तो सभी संबंधित ग्राम सभाएं एकजुट होकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी ग्राम सभाओं की मांग है कि उनके अधिकारों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि वन अधिकार अधिनियम 2006 की भावना के अनुरूप उन्हें उनका वैधानिक अधिकार प्रदान किया जाए।

Golu Markam
Author: Golu Markam

नया बस्तर एक स्वतंत्र हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो बस्तर, और छत्तीसगढ़ से जुड़ी राजनीति, समाज, अपराध, जनहित और स्थानीय मुद्दों की खबरें ईमानदारी और सरल भाषा में प्रस्तुत करता है। हमारा लक्ष्य सच को तेज़ और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुँचाना

Leave a Comment

यातायात की पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों एवं नियमों के प्रति किया गया जागरूक। विद्यालय में संचालित स्कूली बस, ऑटो एवं अन्य वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण, कमियां पाए जाने पर सुधार हेतु 01 सप्ताह का समय दिया गया।*

*जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक* *स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, सभी 112 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने पर जोर*

दो वर्षों से DLC में लंबित 18 ग्राम सभाओं के सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के दावे, शीघ्र निराकरण की उठी मांग जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी के समक्ष ग्राम सभाओं ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी

राष्ट्रीय एकता दिवस पर नारायणपुर पुलिस द्वारा जिले के 62 स्थानों पर कराया गया ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण।*  *जिले के सभी 14 थाना परिसरों एवं 48 पुलिस कैंपों में पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने देखा भव्य आयोजन।*