नारायणपुर, 16 नवंबर 2026 // खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के सभी 19 धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। राज्य शासन द्वारा किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। धान खरीदी के पहले दिन उपार्जन केंद्रों में किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसान अपनी मेहनत से उपजाए धान को निर्धारित दर पर विक्रय कर प्रसन्न नजर आए।
इसी क्रम में जिले के एड़का धान उपार्जन केंद्र में ग्राम दुग्गा बेंगाल के किसान श्री मनकेर दुग्गा, पिता श्री जुन्गा दुग्गा ने अपनी उपज का विक्रय किया। लगभग 4 एकड़ में खेती करने वाले किसान मनकेर दुग्गा ने उपार्जन केंद्र में 55 क्विंटल 20 किलो धान बेचा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर निर्धारित किए जाने से किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। धान खरीदी की शुरुआत को लेकर वे काफी खुश हैं और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसान श्री मनकेर दुग्गा ने बताया कि इस वर्ष धान विक्रय के लिए उन्होंने ऑनलाइन तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं टोकन काटा। ऑनलाइन टोकन की सुविधा से उन्हें समिति या अन्य स्थानों पर टोकन के लिए बार-बार जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने निर्धारित तिथि के अनुसार उपार्जन केंद्र पहुंचकर आसानी से अपना धान विक्रय किया। पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र में भी किसानों की सुविधा के लिए अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि टोकन से लेकर धान विक्रय तक की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक रही।
किसान ने बताया कि शासन द्वारा किसानों के हित में की जा रही व्यवस्थाओं से धान विक्रय करना पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक हो रहा है। ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था से समय की बचत हो रही है और किसान अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था के लिए शासन-प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना उनके लिए बड़ी राहत की बात है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 की गई है। हलामीमुंजमेटा एवं तारागांव में दो नवीन उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। जिले में कुल 10,686 किसान पंजीकृत हैं, जिनका पंजीकृत रकबा 13,063.08 हेक्टेयर है।
किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के साथ-साथ संबंधित समिति के माध्यम से ऑफलाइन टोकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिले में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगी।










