नारायणपुर, 05 जुलाई 2026 // जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर, अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित ग्राम कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है। कभी पेयजल के लिए नदी, नालों और झरनों पर निर्भर रहने वाला यह गांव आज हर घर तक नल के माध्यम से सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति का लाभ प्राप्त कर रहा है।
जल जीवन मिशन से पहले ग्राम कस्तूरमेटा के ग्रामीणों के लिए स्वच्छ पेयजल एक बड़ी चुनौती थी। गांव की महिलाओं को प्रतिदिन कई किलोमीटर दूर स्थित जल स्रोतों से पानी लाना पड़ता था। इस कार्य में उनका काफी समय और श्रम व्यय होता था, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ परिवार की आजीविका और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। दूषित जल के उपयोग के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
ग्रामीणों की इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम कस्तूरमेटा में हर घर जल योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। योजना के तहत गांव में 10 हजार लीटर क्षमता की सोलर आधारित पानी टंकी स्थापित की गई तथा लगभग 2700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इसके माध्यम से गांव के सभी 25 परिवारों तक नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों तक नहीं जाना पड़ता। घर-घर नल से जल पहुंचने से महिलाओं का समय और श्रम दोनों बचे हैं, जिससे वे घरेलू कार्यों के साथ आजीविका संबंधी गतिविधियों पर भी अधिक ध्यान दे पा रही हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार आया है तथा जलजनित बीमारियों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
हाल ही में ग्राम कस्तूरमेटा में आयोजित हर घर जल उत्सव के दौरान ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल संरक्षण तथा जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों तथा जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के सतत संरक्षण का संकल्प भी लिया।दूरस्थ अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन का यह सफल क्रियान्वयन दर्शाता है कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अंतिम छोर तक रहने वाले नागरिकों के जीवन में भी सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन ला रहा है।










