नारायणपुर। जिले में युवाओं को नशे की लत से बचाने और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूल, कॉलेज तथा छात्रावासों को ड्रग फ्री जोन घोषित कर दिया गया है। इसके तहत सभी शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के 500 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी शिक्षण संस्थानों को अपने आसपास के क्षेत्र में नशे की रोकथाम के लिए सख्ती से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आसपास संचालित दुकानों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा नियमों का पालन नहीं होने की स्थिति में जिला स्तर पर रिपोर्ट भेजी जाएगी।
यह अभियान एनसीओआरडी (NCORD) के तहत संचालित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग एवं सामुदायिक संगठनों के समन्वय से जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि शिक्षा विभाग नारायणपुर को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई है।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई की जा सके।










