नारायणपुर/छोटेडोंगर: मानसून की पहली बारिश ने ही नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर में लोक निर्माण विभाग (PWD) और स्थानीय प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी है। मुख्य चौक पुलिस थाने से शुरू होकर पद्मश्री वैद्यराज हेमंचनद मांझी के निवास तक जाने वाला मुख्य पहुंच मार्ग इस समय अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब तालाब का रूप ले चुके हैं, जिससे राहगीरों का चलना दूभर हो गया है।
मरीजों और मासूमों की जान जोखिम में*
यह मार्ग बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है।देश-दुनिया और दूर-दराज के इलाकों से सैकड़ों मरीज हर दिन अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज कराने के लिए गाड़ियों में सवार होकर पद्मश्री वैद्यराज के पास पहुँचते हैं। सड़क पर फंस रहे वाहन कीचड़ और पानी से लबालब इस सड़क पर आए दिन मरीजों की गाड़ियां फंस रही हैं।
घायल हो रहे राहगीर* : इसी मार्ग से होकर स्कूली बच्चे, राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं। आए दिन लोग इस कीचड़ युक्त दलदल में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
छोटेडोंगर मुख्यालय मे निको कंपनी की माइनिंग के बाद भी बदहाली, ग्रामीणों में आक्रोश*
हैरानी और सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि छोटेडोंगर क्षेत्र में निको कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर माइनिंग (खनन) का कार्य किया जा रहा है। भारी-भरकम राजस्व और औद्योगिक गतिविधियों के बावजूद, स्थानीय जनता को सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए तरसना पड़ रहा है।










