शिकायत के बाद भी नहीं बनी पुलिया, लकड़ी के सहारे आवागमन को मजबूर ग्रामीण
(रिपोर्टर रमेश सलाम बयानार)
कोंडागांव। ग्राम पंचायत छोटे उसरी में पुलिया निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया है। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों को मजबूरी में लकड़ी डालकर रास्ता बनाते हुए आवागमन करना पड़ रहा है।
पुलिया के अभाव में बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान रास्ते पर पानी का बहाव बढ़ जाने से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
इसी समस्या को लेकर बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कोंडागांव जिला अध्यक्ष उदय भंडारी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिया स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि पुलिया स्थल का तत्काल निरीक्षण कराकर स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में आवागमन सुचारु हो सके और ग्रामीणों को जोखिम उठाकर लकड़ी के सहारे रास्ता पार न करना पड़े।
ग्रामीणों का सवाल है कि शिकायत के बावजूद पुलिया निर्माण में आखिर देरी क्यों हो रही है? क्या स्थायी समाधान के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?










