नारायणपुर,23 सितंबर 2026// महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ज़िले में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री लुपेन्द्र महिनाग के मार्गदर्शन में नारायणपुर में जनआंदोलन के रूप में राष्ट्रीय पोषण माह को आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आईपीई ग्लोबल सीकेडी के संयुक्त तत्वावधान किया जा रहा है जिसका मुख्य उद्देश्य समुदाय में खाद्य विविधता को बढ़ावा देना, विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में जन-भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित निम्नलिखित नवाचारी गतिविधियों पर प्रकाश डाला गया:
*पोषण मटका*
समुदाय के सहयोग से ‘पोषण मटका’ पहल की शुरुआत की गई, जिसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों—अनाज, दालें, फल एवं डेयरी उत्पाद—को एकत्रित किया गया। इस पहल का उद्देश्य समुदाय को आपस में जोड़ते हुए भोजन में विविधता (Food Diversity) के महत्व को समझाना है।
*पोषण कॉर्नर*
आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष पोषण कॉर्नर स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से कम लागत में तैयार होने वाले पौष्टिक व्यंजनों की रेसिपी तथा सही खान-पान से जुड़ी जानकारी हितग्राहियों को दी जा रही है।
*’पति नंबर 1′ पहल*
गर्भावस्था एवं स्तनपान के दौरान अपनी पत्नियों के स्वास्थ्य, सही पोषण, आहार विविधता एवं देखभाल में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पतियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। यह पहल मातृ एवं शिशु पोषण में पुरुषों की सहभागिता और जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) पर विशेष चर्चा
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के नामांकन पर विशेष बल दिया गया। योजना के अंतर्गत मिलने वाली वित्तीय सहायता एवं समय पर पंजीकरण के लाभों की विस्तृत जानकारी उपस्थित हितग्राहियों को दी गई, जिससे शत-प्रतिशत पात्र महिलाएं योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस पूरे आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य स्थानीय खाद्य पदार्थों के माध्यम से आहार में विविधता लाना, सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ महिलाओं तक पहुंचाना तथा सामुदायिक स्तर पर पोषण पद्धतियों को सुदृढ़ बनाना रहा है।










