🗺️
India States
राज्य समाचार चुनें
Tap any state on the map
J&K Ladakh H.P. Punjab CH Uttarakhand Haryana DL Uttar Pradesh Rajasthan Bihar SK Arunachal P. Assam NL MN MZ TR Meghalaya W.Bengal Jharkhand Madhya Pradesh Chhattisgarh Odisha Gujarat DD DNH Maharashtra Goa Karnataka Telangana Andhra P. Tamil Nadu Kerala PY LK A&N
Powered by Pulse of the Nation

धान में सफेद माहू के प्रकोप से बचाव हेतु किसानों को सलाह*

नारायणपुर, 23 सितंबर 2026// जिले में इन दिनों धान की फसल में विभिन्न कीटों का प्रकोप देखा जा रहा है। कुछ क्षेत्रों में धान की फसल में सफेद माहू का प्रकोप भी दिखाई दे रहा है। इसका वैज्ञानिक नाम सोगाटेला फुर्सिफेरा है। कृषि विज्ञान केंद्र, नारायणपुर द्वारा किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने तथा कीट का प्रकोप दिखाई देने पर समय पर उचित प्रबंधन उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। सफेद माहू का प्रकोप विशेष रूप से धान की रोपाई के बाद लगातार खड़े पानी, अधिक मात्रा में नत्रजनयुक्त उर्वरकों के उपयोग तथा अधिक सघन फसल से बढ़ सकता है। गर्म तापमान, अधिक आर्द्रता के साथ बादल छाए रहने की स्थिति अथवा लंबे समय तक तेज धूप रहने पर भी सफेद माहू की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। इसके शिशु एवं वयस्क मुख्य रूप से पौधे के तने के ऊपरी भाग, विशेषकर पत्ती और तने के जोड़ के आसपास पाए जाते हैं। ये पौधों का रस चूसकर नुकसान पहुंचाते हैं तथा इस दौरान चिपचिपा मधुरस भी उत्सर्जित करते हैं।

मधुरस के कारण पत्तियों की सतह पर काली कालिख जैसी फफूंद (सूटी मोल्ड) विकसित हो सकती है। इससे पत्तियों पर प्रकाश के अवशोषण की क्षमता प्रभावित होती है और प्रकाश संश्लेषण कम होने के कारण पौधों की वृद्धि एवं उपज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अधिक प्रकोप की स्थिति में धान की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं तथा बाद में ‘हॉपर बर्न’ के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। खेत में अनियमित एवं अलग-अलग पैच में पौधों का सूखना भी सफेद माहू के अधिक प्रकोप का संकेत हो सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र, नारायणपुर द्वारा किसानों को सलाह दी गई है कि वे धान के खेतों की नियमित निगरानी करें तथा पत्ती और तने के जोड़ के आसपास सफेद माहू की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें। नत्रजनयुक्त उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग करें और आवश्यकता से अधिक नत्रजन का प्रयोग करने से बचें।

प्रारंभिक अवस्था में सफेद माहू के प्रबंधन के लिए नीम तेल 3 प्रतिशत 15 लीटर प्रति हेक्टेयर अथवा नीम बीज गिरी अर्क 5 प्रतिशत 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर का उपयोग किया जा सकता है। धान के एक कल्ले (एक तने) पर अगर औसतन 2 सफेद माहू दिखाई दें, तो इसे आर्थिक नुकसान स्तर (ETL) माना जाता है और तत्काल नियंत्रण उपाय करना आवश्यक है। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा बताया गया है कि ETL से अधिक प्रकोप होने पर 200 लीटर पानी प्रति एकड़ में अनुशंसित कीटनाशक का घोल बनाकर छिड़काव किया जा सकता है। इनमें पाइमेट्रोजिन 50 WG 120 ग्राम प्रति एकड़, डाइनोटेफ्यूरान 20 SG 80 ग्राम प्रति एकड़ अथवा ऐसीटामिप्रिड 20 SP 60 ग्राम प्रति एकड़ का उपयोग अनुशंसा अनुसार किया जा सकता है।

किसानों को सलाह दी गई है कि एक समय में केवल एक ही अनुशंसित कीटनाशक का प्रयोग करें तथा अनावश्यक रूप से कीटनाशकों का छिड़काव न करें। कीटनाशक का उपयोग करते समय उत्पाद के लेबल पर दिए गए निर्देशों एवं सुरक्षा सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन करें। कृषि विज्ञान केंद्र, नारायणपुर ने किसानों से अपील की है कि फसल में सफेद माहू के लक्षण दिखाई देने पर नियमित निगरानी करें और आवश्यकता होने पर कृषि विशेषज्ञों से सलाह लेकर ही नियंत्रण उपाय अपनाएं।

Golu Markam
Author: Golu Markam

नया बस्तर एक स्वतंत्र हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो बस्तर, और छत्तीसगढ़ से जुड़ी राजनीति, समाज, अपराध, जनहित और स्थानीय मुद्दों की खबरें ईमानदारी और सरल भाषा में प्रस्तुत करता है। हमारा लक्ष्य सच को तेज़ और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुँचाना

Leave a Comment

यातायात की पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों एवं नियमों के प्रति किया गया जागरूक। विद्यालय में संचालित स्कूली बस, ऑटो एवं अन्य वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण, कमियां पाए जाने पर सुधार हेतु 01 सप्ताह का समय दिया गया।*

*जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक* *स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, सभी 112 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने पर जोर*

दो वर्षों से DLC में लंबित 18 ग्राम सभाओं के सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के दावे, शीघ्र निराकरण की उठी मांग जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी के समक्ष ग्राम सभाओं ने रखीं समस्याएं, समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी

राष्ट्रीय एकता दिवस पर नारायणपुर पुलिस द्वारा जिले के 62 स्थानों पर कराया गया ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण।*  *जिले के सभी 14 थाना परिसरों एवं 48 पुलिस कैंपों में पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने देखा भव्य आयोजन।*