नारायणपुर/छोटेडोंगर। क्षेत्र में माइंस से जुड़े भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और सिंगल सड़क होने के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर ट्रक, मोटरसाइकिल, बस और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी है कि सामने से वाहन आने पर साइड देने तक की पर्याप्त जगह नहीं रहती। इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
राकेश उसेंडी ने कहा कि यदि किसी ट्रक से दुर्घटना होती है और कोई व्यक्ति घायल होता है, तो उसके तत्काल एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रत्येक ट्रक से दुर्घटना पीड़ितों के उपचार के लिए सहायता राशि की व्यवस्था हो तथा संबंधित माइंस कंपनी, ट्रांसपोर्टर भी इसके लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग करे। यदि किसी दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उसके परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ट्रक चलाने वालों की हो तत्काल जांच
उन्होंने प्रशासन से अनुरोध करते हुए कह रहा है कि माइंस क्षेत्र से चलने वाले ट्रक चालकों की नियमित जांच की जाए। यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाता पाया जाता है तो ब्रेथ एनालाइजर जैसी मशीन से तत्काल जांच कर ऐसे चालक को वाहन सहित रोककर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
मोटरसाइकिल चालक हेलमेट जरूर पहनें
जिला पंचायत सदस्य ने आम लोगों से भी अपील की कि मोटरसाइकिल चलाते समय हर व्यक्ति हेलमेट जरूर पहने। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक को भी अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना होगा।
सिंगल सड़क के कारण बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
राकेश उसेंडी ने कहा कि क्षेत्र में कई मार्गों पर सिंगल सड़क होने के कारण ट्रक, बस और मोटरसाइकिल चालकों को साइड देने में भारी परेशानी होती है। कई स्थानों पर दो बड़े वाहन एक-दूसरे को सुरक्षित तरीके से क्रॉस नहीं कर पाते। ऐसे में जाम के साथ-साथ गंभीर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
उन्होंने प्रशासन एवं माइंस कंपनी से मांग की कि भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों का सर्वे कराकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए, आवश्यक स्थानों पर साइडिंग/पासिंग पॉइंट बनाए जाएं तथा दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
तेज रफ्तार ट्रकों की सूचना तत्काल दें
जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई ट्रक चालक व बस चालक अत्यधिक तेज रफ्तार से वाहन चलाता है, लापरवाही करता है या सड़क पर लोगों की जान को खतरे में डालता है, तो इसकी सूचना तत्काल दें।
जनता की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा के लिए संपर्क करें:
📞 राकेश उसेंडी, जिला पंचायत सदस्य
मोबाइल: 9770405516
मोबाइल: 9406102457
उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर संबंधित मामले को प्रशासन एवं पुलिस के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। किसी भी दुर्घटना के बाद पछताने से बेहतर है कि दुर्घटना होने से पहले ही सावधानी बरती जाए।
राकेश उसेंडी ने कहा कि विकास और खनिज परिवहन जरूरी है, लेकिन आम जनता की जान की कीमत पर नहीं। ट्रक चालक हो, बस चालक हो या मोटरसाइकिल चालक—सभी की सुरक्षा समान रूप से महत्वपूर्ण है। प्रशासन, पुलिस, माइंस कंपनी और वाहन चालकों को मिलकर ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।










