नारायणपुर, 03 अक्टूबर 2026// “नमो सेवा अनकही कहानियां” कार्यक्रम के अंतर्गत सिंगोड़ी तराई स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य, लाभ और आमजन के जीवन में इनके महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत अभियान, पीएम-सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित नक्सल मुक्त जिला बनाने के संकल्प से जुड़े विषयों को नुक्कड़ नाटक में शामिल किया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से लोगों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक किया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी रखने तथा जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने का संदेश दिया। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यवसाय एवं स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाले सहयोग की जानकारी भी दी गई।इसके साथ ही नक्सल मुक्त जिला बनाने की दिशा में शांति, विकास, शिक्षा, रोजगार और जनभागीदारी के महत्व को भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा। नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों के प्रभावी संवाद और अभिनय ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनजागरूकता की भावना विकसित करने के साथ-साथ केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और जिले में विकास एवं शांति के प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना रहा।










