नारायणपुर अंतागढ़ क्षेत्र की बदहाल सड़क और माइंस वाहनों की आवाजाही के कारण आम जनता को हो रही परेशानी के खिलाफ आम आदमी पार्टी रविवार को ‘खोदरा-डिफरा पाटो अभियान’ चलाएगी
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष बस्तर लोकसभा नरेन्द्र नाग ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को सड़क के खोदरा-डिफरा (गड्ढे) पाटने का काम आता है, वे रविवार को अभियान में शामिल हों। अभियान में शामिल होने वाले लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था आम आदमी पार्टी नारायणपुर की ओर से की जाएगी।
नरेन्द्र नाग ने कहा कि अंतागढ़ की सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि जनता के लिए चलने वाली यात्री बसें पिछले 15 दिनों से बंद हैं, लेकिन माइंस की गाड़ियां लगातार चल रही हैं। इससे साफ है कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता नहीं, बल्कि माइंस प्रबंधन की सुविधा बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सड़क जनता के आवागमन के लिए है, केवल माइंस की गाड़ियों के लिए नहीं। जब सड़क की स्थिति यात्री बसों के चलने लायक नहीं है, तो भारी माइंस वाहनों की आवाजाही कैसे जारी रखी जा सकती है? प्रशासन को इस दोहरे रवैये का जवाब जनता को देना चाहिए।
AAP ने मांग की है कि जब तक सड़क का स्थायी निर्माण और सुधार नहीं होता, तब तक भारी माइंस वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। जनता की जान-माल और आवागमन की सुरक्षा से समझौता कर खनन परिवहन को जारी रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नरेन्द्र नाग ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि रविवार को बड़ी संख्या में सड़क पर पहुंचें, ‘खोदरा-डिफरा पाटो अभियान’ से जुड़ें और अपनी आवाज बुलंद करें। यह अभियान केवल गड्ढे भरने का नहीं, बल्कि जनता की सड़क, सुरक्षित आवागमन और प्रशासन की जवाबदेही का सवाल है।
आम आदमी पार्टी का स्पष्ट संदेश है—
*“जब तक सड़क नहीं, तब तक माइंस की गाड़ियां बंद।”*
नरेन्द्र नाग
प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष बस्तर लोकसभा
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़










