नारायणपुर, 27 जुलाई 2026 // मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में संचालित सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों को घर के निकट डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन गया है। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
जिले के ग्राम नेतानार निवासी फूलसिंह पोटाई एवं उनकी पत्नी रामबती पोटाई ने विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। आवेदन प्रस्तुत करने के उसी दिन उनका विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। निर्धारित समय से भी अधिक त्वरित सेवा मिलने पर दंपति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया।
फूलसिंह पोटाई ने बताया कि पहले विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑफलाइन आवेदन करना पड़ता था, जिसके लिए कई बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय और परेशानी दोनों बढ़ जाती थीं। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उनका आवेदन तुरंत स्वीकार किया गया और उसी दिन विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप संचालित सेवा सेतु केंद्र जैसी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को घर के निकट ही सरल, त्वरित और पारदर्शी शासकीय सेवाएं मिल रही हैं। यह व्यवस्था सुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन का शासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा रही है।










