जंगल में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, सिर गायब होने से मचा हड़कंप दुर्गुकोंदल के हाहालददी बंजारी माता मंदिर के पीछे मिला शव, 10 से 15 दिन पुराना होने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
दुर्गुकोंदल, 10 अगस्त 2026। दुर्गुकोंदल थाना क्षेत्र के ग्राम हाहालददी स्थित बंजारी माता मंदिर के पीछे जंगल में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण प्रथम दृष्टया उसके करीब 10 से 15 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। शव का सिर मौके पर नहीं मिला है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र में स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना दुर्गुकोंदल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, घटनास्थल पर पेड़ के ऊपर रस्सी दिखाई दी है। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शव का सिर नहीं मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस टीम जंगल के आसपास के क्षेत्र में मृतक के सिर की तलाश कर रही है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। शव की हालत खराब होने के कारण मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मृतक की पहचान अथवा घटना से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।










