अवैध शराब के कथित लेनदेन वाले वायरल ऑडियो पर भाकपा का बड़ा बयान, SP से कार्रवाई की मांग
नारायणपुर। जिले में अवैध शराब के कथित लेनदेन से जुड़े वायरल ऑडियो को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मामले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला परिषद सह-सचिव नारायणपुर फुलसिंह कचलाम ने गंभीर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
फुलसिंह कचलाम का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो में भाजपा आईटी सेल के जिला संयोजक आकाश ठाकुर पत्रकार और एक उपसरपंच संतोष बैठारू के बीच कथित बातचीत सामने आने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब से जुड़े कथित लेनदेन का मामला गंभीर है और यदि वायरल ऑडियो में लगाए जा रहे आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और तकनीकी जांच आवश्यक है, ताकि वायरल ऑडियो की वास्तविकता और उसमें मौजूद आवाजों की सत्यता सामने आ सके।
फुलसिंह कचलाम ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जल्द ही पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग करेगी।
वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।










