नारायणपुर, 25 सितंबर 2026 // जिले में लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच ग्राम तारागांव में माड़ीन नदी के बाढ़ के पानी में फंसे ग्रामीण को जिला प्रशासन, नगर सेना एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता से रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तारागांव निवासी गोपी राम पटेल, पिता श्री राम पटेल, उम्र लगभग 55 वर्ष, माड़ीन नदी किनारे खेत में बंधे अपने बैल को खोलने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और वे बाढ़ के पानी के बीच फंस गए। स्थिति को देखते हुए उन्होंने आम के पेड़ का सहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रखा।
ग्रामीण के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिलते ही कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, नगर सेना की बाढ़ बचाव टीम एवं थाना धौड़ाई पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसडीओपी छोटेडोंगर मनोज मंडावी एवं जिला सेनानी नगर सेना मनोहर लाल चौहान के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी धौड़ाई पीयूष कटियार के नेतृत्व में टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस, सूझबूझ और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए गोपी राम पटेल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।रेस्क्यू के बाद ग्रामीण को आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं निगरानी के लिए धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। चिकित्सकों द्वारा उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाए जाने पर उन्हें सकुशल उनके घर पहुंचाया जाएगा। रेस्क्यू के बाद उन्हें भोजन भी कराया गया।
समय पर मिली सूचना और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीण को सुरक्षित बचाया जा सका। जिला प्रशासन, नगर सेना एवं पुलिस की संयुक्त टीम बाढ़ एवं अन्य आपदा परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार तत्परता से कार्य कर रही है।










