45वीं वाहिनी में रक्षाबंधन कार्यक्रम, जवानों को नशामुक्ति की दिलाई शपथ
नारायणपुर। 45वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), जेलबाड़ी कैंप, नारायणपुर में सोमवार को रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नारायणपुर से पहुंची ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा जवानों को रक्षासूत्र बांधा गया।
इस अवसर पर सशस्त्र बल के उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से उपस्थित जवानों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान 45वीं वाहिनी के कमांड अधिकारी श्री जी.आर. चन्द्रन सहित वाहिनी के अन्य पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के पर्व के माध्यम से भाईचारे, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।










