तीन दिनों की लगातार बारिश से कच्चा मकान ढहा, परिवार बाल-बाल बचा
(रिपोर्टर रमेश सलाम )
कोण्डागांव। ग्राम पंचायत बयानार के कोडपारा में पिछले तीन दिनों से दिन-रात लगातार हो रही झमाझम बारिश के चलते गरीब किसान जय दास मानिकपुरी का कच्चा मकान गिर गया। मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि 25 सितंबर 2026 की रात करीब 3 बजे मकान से आवाज आने पर बुजुर्ग महिला ने घर के सभी सदस्यों को जगा दिया। समय रहते परिवार के लोग घर से बाहर निकल गए, जिससे सभी सुरक्षित बच गए।
इसके बाद सुबह करीब 7 बजे कच्चा मकान पूरी तरह गिर गया। हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन घर में रखा सामान मलबे में दब गया। परिवार द्वारा मलबे से जरूरी सामान बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
पीड़ित जय दास मानिकपुरी ने शासन-प्रशासन से मामले का तत्काल निरीक्षण कर क्षति का आकलन करने और उचित मुआवजा एवं राहत सहायता दिलाने की मांग की है।










