नारायणपुर। जिले में लौह अयस्क परिवहन से जुड़े ट्रक चालकों की समस्याओं को लेकर नारायणपुर मालक परिवहन संघ ने जिला प्रशासन से ठोस पहल करने की मांग की है। संघ ने 16 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर, जिला नारायणपुर को ज्ञापन सौंपकर जिले में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना तथा गढ़बेंगाल चौक पर सार्वजनिक शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग उठाई है।
2022 से जारी परिवहन, लेकिन सुविधाओं का अभाव
ज्ञापन के अनुसार, आमदई खदान से लौह अयस्क का परिवहन वर्ष 2022 से जारी है। खदान तक पहुंचने के लिए ट्रकों को गढ़बेंगाल चौक से होकर गुजरना पड़ता है। इस दौरान ट्रक चालक अक्सर इसी चौक पर रुकते हैं, लेकिन यहां शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
संघ का कहना है कि लंबी दूरी तक परिवहन करने वाले चालकों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर समस्या बन गया है। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करना आवश्यक है।










