नारायणपुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कलेक्टर कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित खाद्य विभाग एवं खनिज विभाग के कार्यालयों के लिए बनाए गए शौचालय में भारी गंदगी फैली हुई है। अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन इन शौचालयों का उपयोग करते हैं, लेकिन साफ-सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी फैलाने पर ₹1000 जुर्माने की चेतावनी वाली तख्ती भी लगी हुई है, बावजूद इसके परिसर की बदहाल स्थिति प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।
गौरतलब है कि स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत भारत सरकार ने 2 अक्टूबर 2014 को देशभर में स्वच्छता को बढ़ावा देने, खुले में शौच की प्रथा समाप्त करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार लाने तथा लोगों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की थी। इस अभियान के तहत देशभर में करोड़ों शौचालयों का निर्माण भी कराया गया।
इसके बावजूद जिला मुख्यालय के सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय में ही स्वच्छता के प्रति उदासीनता चिंताजनक है। एक ओर प्रशासन लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए पोस्टर और होर्डिंग लगाता है, वहीं दूसरी ओर स्वयं के कार्यालय परिसर की स्थिति अभियान के उद्देश्यों पर सवाल खड़े करती है।
अब देखना होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद जिला प्रशासन इस ओर कितनी गंभीरता से ध्यान देता है और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।










