वायरल ऑडियो को लेकर आप ने SP से की निष्पक्ष जांच की मांग, ₹50 हजार की कथित वसूली की जांच पर जोर
नारायणपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित ऑडियो को लेकर आम आदमी पार्टी ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच की मांग की है। पार्टी के बस्तर लोकसभा उपाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर को लिखित आवेदन सौंपकर वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाजों और बातचीत की सत्यता की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो को कथित तौर पर भाजपा आईटी सेल से जुड़े व्यक्ति एवं कथित पत्रकार आकाश ठाकुर से संबंधित बताया जा रहा है। ऑडियो में मुंजमेटा के आगे दो युवकों को रोकने, उनके पास शराब होने और छोटेडोंगर के उपसरपंच से संबंधित बातचीत का दावा किया जा रहा है आप नेताओं के मुताबिक, ऑडियो में कथित तौर पर खबर चलाने तथा जेल भेजने की धमकी देकर ₹50,000 की मांग किए जाने और शराब को आसपास कहीं छिपाकर रखने की सलाह जैसी बातें भी सामने आने का दावा है। हालांकि पार्टी ने साफ किया है कि वायरल ऑडियो की वास्तविकता अभी जांच का विषय है और किसी भी व्यक्ति को जांच पूरी होने से पहले दोषी नहीं माना जाना चाह
आवाज और डिजिटल साक्ष्यों की हो फोरेंसिक जांच
सुरजीत ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ऑडियो में मौजूद आवाजों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए। साथ ही कथित ₹50 हजार की मांग एवं लेन-देन से जुड़े तथ्यों, मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी नियमानुसार जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में ऑडियो वास्तविक एवं प्रमाणित पाया जाता है और उसमें अवैध वसूली, धमकी या अन्य आपराधिक गतिविधि के तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अवैध शराब के कारोबार की भी जांच की मांग
आम आदमी पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष किशोर पोयाम ने ऑडियो में कथित रूप से सामने आ रही अवैध शराब से जुड़ी बातों की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि संबंधित क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन या कारोबार हो रहा है या नहीं और यदि हो रहा है तो इसमें कौन लोग शामिल हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की कि जांच के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका को भी निष्पक्ष रूप से देखा जाए। यदि किसी की संलिप्तता, संरक्षण, लापरवाही अथवा अवैध वसूली में भूमिका प्रमाणित होती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
“दोषी कोई भी हो, कार्रवाई हो”
सुरजीत ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी व्यक्ति को बिना जांच दोषी ठहराने के पक्ष में नहीं है। पार्टी की मांग है कि मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच हो तथा जांच में जो भी सच्चाई सामने आए, उसके आधार पर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला कथित अवैध शराब, धमकी, पुलिस के नाम के दुरुपयोग और मीडिया के नाम पर कथित धन वसूली जैसे गंभीर पहलुओं से जुड़ सकता है। इसलिए सभी पहलुओं की वैज्ञानिक तरीके से जांच होना जरूरी है।
आप ने पुलिस प्रशासन से वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच, आवाजों का फोरेंसिक परीक्षण, कथित ₹50 हजार की मांग एवं लेन-देन की पड़ताल, अवैध शराब के कथित कारोबार की जांच तथा संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर वैधानिक एवं कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।










