नारायणपुर, 18 सितंबर 2026 // कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ राष्ट्रव्यापी चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 18 सितंबर को नारायणपुर जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए चित्र कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ की संकल्पना को लेकर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य बच्चों की कल्पनाओं और सपनों के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर को परिवार एवं समाज तक पहुंचाना है।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना, देश की प्रगति तथा विगत 25 वर्षों में किए गए सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों के बारे में अपनी सोच को चित्र के माध्यम से व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों ने विकसित भारत की संकल्पना तथा विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को विषय बनाकर आकर्षक चित्र बनाए। किसी ने आधुनिक एवं आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को चित्रों में उकेरा, तो किसी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और गांवों के विकास के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा का आयोजन 18 सितंबर 2026 को किया गया। इस दौरान विद्यालय स्तर पर आयोजित गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया। विद्यालयों में उपलब्ध कक्ष एवं हॉल में विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, ताकि अभिभावक, परिवारजन एवं ग्राम के नागरिक बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को देख सकें और उनका उत्साहवर्धन कर सकें। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को यह समझने और व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है कि वे आने वाले भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। बच्चों की कल्पना में आत्मनिर्भर, विकसित, स्वच्छ, शिक्षित, तकनीकी रूप से सशक्त और अवसरों से भरपूर भारत की तस्वीर दिखाई दे रही है। इस पहल से बच्चों में राष्ट्र निर्माण के प्रति सोच, जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा। जिला एवं राज्य स्तर पर चयनित श्रेष्ठ प्रविष्टियों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में नोडल शिक्षक के माध्यम से प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी की गतिविधियों का समन्वय किया जा रहा है। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया तथा विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नागरिकों से ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों और उनकी कल्पनाओं में भविष्य के भारत की तस्वीर दिखाई देती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका को समझने का अवसर मिलता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र कला प्रतियोगिता नारायणपुर जिले के विद्यालयों में बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की सोच को मंच प्रदान कर रही है। विद्यार्थियों द्वारा बनाए जा रहे चित्र और प्रस्तुत किए जा रहे विचार आने वाले विकसित भारत के प्रति उनकी उम्मीदों और सपनों को अभिव्यक्त कर रहे हैं।










